नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान भारत ने नेपाल को 15,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह पैकेज नेपाल के पुनर्निर्माण, दीर्घकालिक विकास और आपदा-प्रतिरोधी क्षमता को मजबूत करेगा।
मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के साथ बैठक के बाद कहा कि भारत-नेपाल संबंध केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है।
15,000 करोड़ का विकास पैकेज
भारत ने नेपाल के लिए 15,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज घोषित किया है।
यह पैकेज अगस्त में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, नए अवसरों के सृजन और भविष्य की आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित होगा।
रेल, सड़क और सीमा कनेक्टिविटी
मोदी ने कहा कि आज ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू हुई है, जिससे अयोध्या और जनकपुर के बीच तीर्थयात्रा और लोगों की आवाजाही आसान होगी।
उन्होंने उत्तराखंड-नेपाल के बीच धारचूला रोड ब्रिज का उद्घाटन और बनबसा में एकीकृत जांच चौकी (ICP) का शिलान्यास किया। इसके साथ ही दोधारा-चांदनी ICP का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
बिजली और ऊर्जा साझेदारी
मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं और भारत का बड़ा ऊर्जा बाजार इसे नेपाल की आर्थिक समृद्धि का आधार बना सकता है।
उन्होंने लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास और अरुण-3 को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के फेज-2 का लोकार्पण और झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास किया गया।
शिक्षा, स्टार्टअप और निवेश
मोदी ने घोषणा की कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीक में छात्रवृत्ति बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही नेपाल में कृषि-औद्योगिक पार्क विकसित करने में भी सहयोग किया जाएगा।
सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव
मोदी ने कहा कि भारत-नेपाल का रिश्ता साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से जुड़ा है। उन्होंने अयोध्या और जनकपुर के बीच तीर्थयात्रा को नई दिशा देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि लुंबिनी और बोधगया सहित बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी।
संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट
मोदी ने घोषणा की कि आज भारत और नेपाल ने एक संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। यह “विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” के संकल्पों को साकार करने का ब्लूप्रिंट है।
उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज में स्पष्ट लक्ष्य, आपसी विश्वास और सामर्थ्य शामिल है, जिससे भारत-नेपाल संबंधों का नया अध्याय लिखा जाएगा।
.jpg)
Post a Comment