अशोक गहलोत के मंत्री और मंत्रीपुत्र ही ऐसा क्यों करते हैं?

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 2008 से 2013 के दूसरे कार्यकाल में दो मंत्री बलात्कार, अपहरण और हत्या के आरोप में जेल गये। अभी की सरकार में राजस्व मंत्री रहे हरीश चौधरी के खिलाफ भी कमलेश प्रजापति एंकाउंटर मामले में सीबीआई जांच कर रही है। इसी तरह से चूरू में एक एसीपी विष्णुदत्त विश्नोई के सुसाइड मामले की भी सीबीआई जांच की अनुशंषा गहलोत सरकार ने की थी। इस मामले में भी चूरू जिले के राजगढ़ की कांग्रेस विधायक कृष्णा पूनिया का नाम आरोपों के घेरे में रहा है। अब एक और मंत्री के पुत्र द्वारा एक लड़की के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और उसको शादी का झांसा देकर काफी दिनों तक फिजिकल हराशमेंट करने का मामला सामने आया है। वर्तमान जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ जयपुर की एक 23 वर्षीय टीवी एंकर रही लड़की ने दिल्ली में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई है, जिसको सवाईमाधोपुर रेफर कर दिया गया है। इसके चलते मंत्रीपुत्र के गिरफ्तार होने की तलवार लटक गई है। इससे पहले हमने दो माह पूर्व ही इस घटना की जानकारी एक वीडियो के द्वारा आप तक पहुंचा दी थी, तब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। तब जयपुर द्वारा पुलिस ने लड़की व मंत्रीपुत्र रोहित जोशी को दिल्ली की एक होटल से पकड़कर जयपुर लाया गया था। इस पीड़िता की कहानी आगे बताउंगा, लेकिन उससे पहले आप यह जान लीजिए कि अशोक गहलोत सरकार के मंत्री कैसे अनाचार के मामलों में जेल जाते रहे हैं। गहलोत की दूसरी सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन जलदाय मंत्री महिपाल मदेरणा पर जोधपुर जिले में कार्यरत एएनएम भंवरीदेवी के अपहरण, बलात्कार और मर्डर का आरोप लगा तो खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ही जांच सीबीआई को सौंप दी थी। उसके बाद सीबीआई ने महिपाल मदेरणा को गिरफ्तार किया और करीब 10 साल तक जेल में ट्राइल पर रहने के बाद महिपाल मदेरणा का कैंसर के कारण 17 अक्टूबर 2021 को निधन हो गया। मामला आज भी सीबीआई के हवाले है, लेकिन मुख्य आरोपी बनाए गये मदेरणा के दुनिया से विदा होते ही अब लोगों को इसमें अधिक इंटरेस्ट नहीं रह गया है। उसी गहलोत सरकार में दूसरे दुष्कर्म के आरोपी बने थे तत्कालीन खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल नागर। राजस्थान की राजनीति में साल 2013 में भी एक और सेक्स स्कैंडल सामने आया। तत्कालीन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल नागर पर एक महिला ने दुष्कर्म के आरोप लगे। नौकरी लगाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप बाबूलाल नागर पर लगा था। पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद नागर को मंत्री पद गंवाना पड़ा और वे लम्बे समय तक जेल में रहे। हालांकि, बाद में कोर्ट ने बाबूलाल नागर को बरी कर दिया। वर्तमान में बाबूलाल नागर निर्दलीय विधायक हैं। वर्तमान सरकार में जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर एक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की ने कहा है कि 8 जनवरी 2021 को रोहित उसके दोस्त ने सवाईमाधोपुर में शारीरिक संबंध बनाए। साथ ही उसका वीडियो बना लिया। बाद में जयपुर के सी स्कीम की एक होटल में, दोस्त के कार्यालय में और वाटिका फार्म हाउस पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद 2 अप्रैल को एक नाइट क्लब में ले गया, वहां पर भी रोहित जोशी ने उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। उसके मना करने पर गंदी गालियां देता था, जब शादी की बात करती तो मारता था। जब उसने सुसाइड करने की धमकी दी तो 20 जून 2021 को दोस्त के फार्म हाउस पर ले जाकर मांग में सिंदूर भर दिया और कह दिया कि हो गई शादी। लड़की का कहना है कि वह एक टीवी चैनल में एंकर थी, जहां से रोहित ने नौकरी छुडवा दी। आगरा रोड पर चार अवैध कॉलोनिया काटने के कारण रोहित जोशी ने अकूत पैसा कमाया और पीड़िता को रानी बनाकर रखने व नया टीवी चैनल शुरू करवा देने का झांसा दिया। लड़की के आरोप जयपुर पुलिस को भी घेरते हैं। उसने बताया कि दिल्ली से पकड़कर लाने के बाद उसको एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया और रात को ही डिस्चार्ज करवा लिया। पुलिस ने अंधेरे में जाकर बयान देने को कहा, जब उसने बयान देने से इनकार किया तो रोहित ने पुलिसकर्मियों के सामने ही थप्पड़ मारे। इसके बाद लड़की को रोहित जोशी के घर ले गये, जहां उसकी मां को बुलाकर घर भेज दिया। इसके बाद भी रोहित का मन नहीं भरा तो जयपुर में तीन दिन तक बेरहमी से पीटा गया, लड़की थाने गई तो वहां पर मौजूद महिला इंचार्ज ने भी मदद नहीं की और धमकाकर भगा दिया। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर 8 मई को दिल्ली के उत्तरी जिले में आईपीसी की धारा 376, 328, 312, 366, 377 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में बताया गया है कि रोहित जोशी ने पिछले साल 8 जनवरी से 17 अप्रैल तक उसके साथ कई बार रेप किया। पहली बार लड़की को सवाईमाधोपुर की एक होटल में पेय पदार्थ में नशीली दवा पिलाकर दुष्कर्म किया और उसकी नग्न तस्वीरें व वीडियो बनाकर धमकाया। इस मामले में रोहित जोशी ने कहा है कि उसको सोशल मीडिया के द्वारा सबकुछ पता चला है। जबकि मंत्री महेश जोशी ने जयपुर से बाहर होने और मामला पता नहीं होने की बात कहकर फिलहाल पल्ला झाड लिया है। रोहित जोशी के पहली पत्नी भरतपुर से है, जिसके दो बेटियां हैं। आरोप है कि मंत्री का बेटा काफी समय से इस तरह से दिल—फैंक आशिकी करता रहा है। मंत्री के करीबी लोगों का दावा है कि मंत्री जोशी को बेटे के कुकर्मों की पहले से ही जानकारी होने के कारण उन्होंने अपनी सम्पत्ति बहु व पोतियों के नाम कर दी है। धार्मिक मामले की रिपोर्टिंग करने पर एक टीवी एंकर अमन चौपड़ा को राजस्थान पुलिस नोएडा जाकर दबिश देती है, लेकिन बिजली विभाग में एईएन व जेईएन के साथ जानलेवा मारपीट करने वाले कांग्रेसी विधायक गिर्राज मलिंगा को आजतक नहीं पकड़ा गया है। लोगों का मानना है कि गृहमंत्री अशोक गहलोत की पुलिस शायद ही जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर हाथ डाल पाए। पीड़ित लड़की ने आरोप भी लगाया कि मंत्री पुत्र होने के कारण इस सरकार से उसको न्याय की उम्मीद नहीं है। पीड़ित लड़की का आरोप है कि मंत्रीपुत्र रोहित जोशी ने उसका भी हाल एएनएम भंवरीदेवी जैसा करने की धमकी दी है। असल में तत्कालीन गहलोत सरकार में मंत्री रहे महीपाल मदेरणा और विधायक मलखान ​विश्नाई के कुछ गुर्गों ने एएनएम को साल 2011 में भंवरीदेवी का अपहरण कर उसको मारने के बाद इंटों के भट्टे में जला दिया था। कुछ दिनों पहले एक अन्य कैबिनेट मंत्री के बेटे के लड़कियां होटल में बुलाने के व्हाट्सअप चेट वायरल होने के कारण हंगामा मच गया था। पिछली बार जब मंत्री जेल गये थे, तब भी गहलोत सरकार के करीब डेढ साल बाकी थे, और अब भी सरकार के डेढ साल बाकी है। ऐसे में सरकार एक बार​ फिर से उसी तरह के मामले में घिरती नजर आ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post