भीलवाड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भीलवाड़ा की ऐतिहासिक भूमि पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब देश और प्रदेश में गरीब और किसान पर अत्याचार होगा, वे और उनके सभी साथी जनता के साथ डटकर खड़े रहेंगे।पायलट ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मंच नहीं है, लेकिन मन की कुछ बातें कहनी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो जनप्रतिनिधि जीतता है, चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में, उसे ईमानदारी के साथ जनता के बीच रहकर, जन-भावनाओं को सुनकर काम करना चाहिए। जीतने के बाद मन से यह भाव निकालना होगा कि किसने वोट दिया और किसने नहीं, क्योंकि सबको साथ लेकर चलना, बिना भेदभाव सेवा करना ही संविधान का आदेश है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई आसमान छू रही है, इस देश का अन्नदाता किसान, जो देश की रीढ़ की हड्डी है, उस पर क्या गुजर रही है, यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने और अच्छे लोगों का चयन करने का आह्वान किया।
राजस्थान की मौजूदा भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए पायलट ने कहा कि पिछले ढाई साल से जनता भुगत रही है, अब ढाई साल और सहना पड़ेगा, लेकिन जब समय आएगा तो सही फैसला जनता करेगी।
नई पीढ़ी को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपनी संस्कृति, परंपराएं, इतिहास और जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि शिक्षा और संस्कार ही वह वरदान है जो नई पीढ़ी को देना है, क्योंकि जो पढ़ गया, उसमें शालीनता आएगी, समझ आएगी और अपने पैर पर खड़े होने की ताकत आएगी।
लोक देवताओं का संदर्भ देते हुए पायलट ने कहा कि देवनारायण जी हों या तेजाजी, सभी लोक देवताओं ने हमेशा प्रेम, भाईचारा और एकता की बात की, कभी नफरत या द्वेष नहीं फैलाया। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि इस धरती के सभी देवी-देवताओं ने एक ही संदेश दिया, कि मानव जाति मिलकर रहे, एक-दूसरे की मदद करे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पायलट ने राजनीति का मूल मंत्र देते हुए कहा कि जब चढ़ने का समय आए तो उन लोगों का ध्यान रखो जो तुम्हें चढ़ा रहे हैं, क्योंकि जब उतरोगे तो वही लोग हाथ थामेंगे। उन्होंने मेवाड़, जयपुर और भीलवाड़ा से आए तमाम साथियों के साथ मंदिर में शीश नवाया और जनता के प्यार व आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।

Post a Comment